आईपीएल 2023 (IPL 2023) में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था और वो पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान (10वें) पर रहे थे। उन्होंने इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) को 13.25 करोड़ की भारी भरकम राशि में खरीदा था। हालांकि ब्रूक अपने डेब्यू आईपीएल में छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे। इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2024 (IPL 2024) की शुरुआत से पहले उन्हें रिलीज कर दिया है। हैदराबाद ने ब्रूक सहित 5 और खिलाड़ियों को रिलीज किया है।
6 खिलाड़ियों को किया गया रिलीज
भारी भरकम राशि में खरीदे गए ब्रूक ने आईपीएल 2023 में 11 मैच खेले और 123.38 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 190 रन ही बना पाए। इसी वजह से हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज किया। हैदराबाद ने समर्थ व्यास, कार्तिक त्यागी, विवरांत शर्मा, अकील होसेन और आदिल रशीद को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है। तेज गेंदबाज त्यागी, स्पिनर होसेन और रशीद को जितने भी मौके मिले वो कुछ दिखाने में नाकाम रहे।