IND VS WI 2nd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार (9 अक्टूबर) को रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को 249 रन बनाकर भी 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से भारतीय फैंस जरूर निराश हुए, लेकिन मैच के दौरान घर पर बैठे पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल, सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा शेट्टी ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसमें सूर्या टीवी पर मैच देखते हुए बचे हुए ओवरों और गेंदबाजी के विकल्पों पर विचार करते दिखाई दे रहे हैं। वह मैच को सिर्फ देख नहीं रहे थे, बल्कि लगातार यह भी सोच रहे थे कि भारतीय टीम को मुश्किल स्थिति से निकालने के लिए किस गेंदबाज का इस्तेमाल किया जा सकता है।
वीडियो में देविशा सूर्यकुमार से पूछती हैं कि वह अकेले बैठकर क्या बातें कर रहे थे। इस पर सूर्या बताते हैं कि मैच में सिर्फ पांच ओवर बचे हैं। इसके बाद दोनों के बीच इस बात को लेकर बातचीत होती है कि बचे हुए ओवरों में भारत किस तरह गेंदबाजी कर सकता है और मैच का रुख कैसे पलटा जा सकता है।