भारत के खिलाफ हेगली ओवल के मैदान पर टॉम ब्लंडेल ने अपना 50वां टेस्ट कैप हासिल किया। दूसरे टेस्ट के पहले दिन ब्लंडेल ने नाबाद 53 रन बनाए। ब्लंडेल ने देश का प्रतिनिधित्व करने की खुशी जाहिर करते हुए कहा वह हमेशा न्यूजीलैंड के लिए खेलना चाहते थे लेकिन 50 टेस्ट खेलना बहुत खास बात है।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले क्वाड्रिसेप्स इंजरी से जूझ रहे ब्लंडेल ने ने शुक्रवार को बेहतरीन बल्लेबाजी की। ब्लंडेल ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे हमेशा से लगता था कि मैं न्यूजीलैंड के लिए खेलूंगा। शायद एक गेम लेकिन 50 मैच खेल पाना कुछ ऐसा था जिस पर मुझे बहुत गर्व है। मैं नंबर्स वाला आदमी नहीं हूं। मैं इस पर ध्यान नहीं देता, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड का 50 मैचों में प्रतिनिधित्व कर पाना मेरे लिए बहुत खास है। मुझे यह टीम और इसमें शामिल लोग बहुत पसंद हैं और 50 मैच खेल पाना और इतने सारे लोगों के साथ यह सफर शेयर करना बहुत स्पेशल है।"
36 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज को उनके टीम के साथी प्लेयर डेवोन कॉनवे से एक स्पेशल कैप मिली, जिन्होंने न्यूजीलैंड के लिए अपना 150वां इंटरनेशनल मैच भी पूरा किया। ब्लंडेल ने कहा, "डेवोन कॉनवे से अपनी कैप पाकर बहुत अच्छा लगा। मैं लंबे समय से कॉनवे के साथ हूं। हमने साथ में काम किया है, साथ में कड़ी ट्रेनिंग की है, और अपने साथी से यह मिलना बहुत खास होता है। यह एक कूल दिन था। मुझे एक हैट भी मिली, इसलिए यह बहुत खास दिन है।"