आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले युवा वैभव सूर्यवंशी ने गुरुवार को दाम्बुला में भारत के दूसरे लीग मैच में अफ़गानिस्तान A के खिलाफ़ भी अपना जलवा जारी रखा। इस मैच में बेशक वैभव सूर्यवंशी अर्धशतक बनाने से चूक गए लेकिन एक बार फिर से उन्होंने अपनी टीम को तूफानी शुरुआत दिलाने का काम किया। 15 साल के इस खिलाड़ी ने आउट होने से पहले 22 गेंदों में 44 रनों की आतिशी पारी खेली।
सूर्यवंशी की पारी के दौरान दिलचस्प बात ये रही कि उन्होंने इस पारी में एक भी छक्का ना लगाते हुए 9 चौके लगाए। अमूमन उनकी पारी में एक भी छक्का ना हो, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। वहीं, उनके ओपनिंग पार्टनर प्रभसिमरन सिंह भी अच्छी लय में दिखे। जब ये युवा खिलाड़ी आक्रामक क्रिकेट खेल रहा था, तब प्रभसिमरन ने समझदारी दिखाते हुए खेल की गति को नियंत्रित किया।
उन्होंने भी आउट होने से पहले 69 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसके बाद इमरान मीर ने उन्हें आउट कर दिया। फिलहाल ताजा समाचार लिखे जाने तक इंडिया ए ने 40 ओवर में 5 विकेट खोकर 250 रन बना लिए हैं और कप्तान तिलक वर्मा 39 रन बनाकर क्रीज़ पर डटे हुए हैं। यहां से अगर तिलक पूरे 50 ओवर खेल जाते हैं तो भारत 320 के आसपास पहुंच सकता है।