IPL 2026 Eliminator, Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals: न्यू चंडीगढ़ में बुधवार (27 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की चलते 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में SRH की टीम 196 रन पर सिमट गई।
आईपीएल 2026 के इस अहम मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई।
वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 49 गेंदों में 125 रन की बड़ी साझेदारी भी की।