Ball Colour Turned From White To Pink Video: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) का पहला मुकाबला बीते गुरुवार, 26 मार्च को लाहौर कलंदर्स (Lahore Qalandars) और हैदराबाद किंग्समैन (Hyderabad Kingsmen) के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया था जिसके दौरान एक बेहद ही अजीबोगरीब घटना देखने को मिली। दरअसल, इस मुकाबले के दौरान अचानक से ही एक सफेद गेंद का रंग बदलकर पिंक हो गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, इस मुकाबले में लाहौर कलंदर्स की बैटिंग की शुरुआत के कुछ समय बाद से ही हैदराबाद किंग्समैन की टीम जिस बॉल से गेंदबाज़ी कर रही थी, उसका रंग सफेद से बदलकर पिंक होने लगा था। हालांकि इस घटना पर सभी का ध्यान लाहौर कलंदर्स की इनिंग के 15वें ओवर में गया जहां अंपायर्स ने भी बॉल के बदलते रंग को देखा और उसे बदलने का फैसला किया।
अब आपके मन में ये सवाल तो जरूर होगा कि आखिरी एक सफेद गेंद का रंग बीच मुकाबले में बदलकर पिंक कैसे हो गया? तो आपको बता दें कि इसका कारण हैदराबाद किंग्समैन की टीम की जर्सी को बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि हैदराबाद किंग्समैन की जर्सी का रंग घटिया क्वालिटी का था, जो कि मुकाबले के दौरान निकल रहा था और इसी बीच वो बॉल पर चढ़ गया। इसी वज़ह से वो सफेद गेंद अचानक से बदलकर पिंक रंग की हो गई।