Yashasvi Jaiswal Run Out Video: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (SL vs IND 1st Test) गॉल स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मुकाबले के पहले दिन शनिवार, 15 अगस्त को भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) बेहद ही अनलकी तरीके से रन आउट हुए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना भारतीय टीम की पहली पारी के 11वें ओवर में घटी। श्रीलंका के लिए ये ओवर स्पिन गेंदबाज़ केशरा नुवांथा करने आए थे जिनकी आखिरी गेंद पर केएल राहुल ने मिड ऑन की तरफ एक शानदार शॉट खेला। वो ये शॉट खेलकर तुरंत एक रन लेना चाहते थे, लेकिन इसी बीच नॉन-स्ट्राइकर पर गेंदबाज़ केशरा गेंद रोकने की कोशिश में यशस्वी जायसावल से टकराए और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
ध्यान दें कि तब तक केएल राहुल रन लेने के लिए दौड़ चुके थे और आधी पिच तक पहुंच गए थे। जैसे ही राहुल ने जायसवाल को गिरते देखा, उन्होंने रुकने की कोशिश की। हालांकि तभी जायसवाल दोबारा उठे और एक कदम आगे बढ़कर संकेत दिया कि वह रन लेना चाहते हैं। राहुल ने इसे रन लेने की हरी झंडी समझ लिया, लेकिन अचानक जायसवाल पीछे की ओर लौटने लगे और क्रीज में वापस जाने की कोशिश की। नतीजा यह हुआ कि दोनों बल्लेबाज़ एक ही छोर पर पहुंच गए।