मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इकलौते टेस्ट मैच में भारत ने अफ़गानिस्तान को एक पारी और 300 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफ़गानिस्तान को फॉलो-ऑन में सिर्फ़ 112 रनों पर समेट दिया। दूसरी पारी में वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने मिलकर सात विकेट लिए, जबकि पहली पारी के स्टार मानव सुथार और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट हासिल किया।
हालांकि, दिलचस्प बात ये रही कि इस जीत के बाद टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स नहीं मिले। भारत को इस मैच में कोई WTC पॉइंट्स नहीं मिले क्योंकि ये मैच टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा नहीं था। WTC चैंपियनशिप में टॉप नौ रैंक वाली टेस्ट टीमें शामिल होती हैं और अफ़गानिस्तान मौजूदा लिस्ट का हिस्सा नहीं है।
इस जीत के बावजूद भारत पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर बना हुआ है और इस साइकिल में खेले गए नौ मैचों में से चार जीत, एक ड्रॉ और चार हार हासिल की हैं। भारत का PCT 48.15 है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया आठ मैचों में सात जीत और 87.50 PCT के साथ WTC साइकिल में सबसे आगे है। साउथ अफ्रीका चार मैचों में तीन जीत और 75 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है।