वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर और यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल 21 सितंबर, 2023 के दिन अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके इस खास दिन पर दुनियाभर से उन्हें बधाई संदेश और शुभकामनाएं मिल रही हैं। गेल ने वेस्टइंडीज और दुनियाभर की टी-20 लीग्स में खेलते हुए कई सारे रिकॉर्ड्स बनाए लेकिन फिलहाल वो क्रिकेट से दूरी बनाते दिख रहे हैं।
अपने जन्मदिन के अलावा गेल एक और वजह से काफी सुर्खियों में हैं। गेल जब भी भारत आते हैं तो उन्हें कई बॉलीवुड सितारों के साथ भी देखा जाता है और उनका म्यूजिक के प्रति लगाव भी किसी से नहीं छिपा है यही कारण है कि फैंस ये जानना चाहते हैं कि क्या वो कभी बॉलीवुड में भी डेब्यू करते हुए दिखेंगे या नहीं? जब इस सवाल का जवाब उनसे IndiaToday.in के साथ एक इंटरव्यू में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बॉलीवुड उन्हें बुला रहा है।
क्रिस गेल का दूसरा म्यूजिक एल्बम 'ट्रॉपिकल हाउस - क्रूज़ टू जमैका' दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहा है। लोकप्रिय क्रिकेटर क्रिस गेल अब एक संगीतकार के रूप में अपनी प्रतिभा तलाश रहे हैं। उनके संगीत एल्बम 'ट्रॉपिकल हाउस - क्रूज़ टू जमैका' को प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड्स 2024 में भी भेजा गया है जोकि गेल के लिए एक गर्व का क्षण है। ऐसे में अगर गेल आपको बॉलीवुड में भी जल्द दिख जाएं तो आपको हैरानी नहीं होनी चाहिए।