सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हैदराबाद के अगले मैच के लिए तैयार हो जाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में, ईशान किशन ने टीम की कप्तानी की और बहुत अच्छा काम किया है लेकिन अब सवाल ये उठता है कि क्या पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन ही कप्तान बने रहेंगे या उनसे कप्तानी लेकर कमिंस को दे दी जाएगी।
जब यही सवाल पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर से पूछा गया तो उन्होंने ये साफ कर दिया कि अगर कमिंस वापस भी आते हैं, तो भी किशन को ही कप्तानी जारी रखनी चाहिए।बांगर ने कहा कि ये विकेटकीपर-बल्लेबाज गेंदबाजों को समझने और बीच के ओवरों में उनका सही इस्तेमाल करने में बहुत माहिर है। उन्होंने किशन की खेल को नियंत्रित करने की क्षमता की भी तारीफ की।
जियोस्टार पर बांगर ने कहा, "एक लीडर के तौर पर, ईशान किशन अपनी रणनीति बनाने में बहुत अच्छे हैं, खासकर इस मामले में कि वो अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल कैसे करते हैं। वो समझते हैं कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। ये इस बात का साफ संकेत है कि वो खेल को कितनी अच्छी तरह से नियंत्रित करते हैं। वो बिल्कुल भी घबराए हुए नहीं दिखते, न ही जल्दबाजी करते हैं और मैदान पर सही फैसले लेते हैं। DC के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया, वो वाकई काबिले-तारीफ था।"