बांग्लादेश क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान लिटन दास (Litton Das) मुश्किलों में घिर गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उन पर केंद्रीय अनुबंध के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट से उबर रहे लिटन बोर्ड को बिना जानकारी दिए चीन चले गए थे।
लिटन दास को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की अनुशासन समिति के सामने पेश होना पड़ा है। बोर्ड ने उनसे कथित तौर पर बिना अनुमति चीन जाने को लेकर जवाब मांगा है। मामला केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों के लिए तय नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले महीने वनडे सीरीज के दौरान लगी पिंडली (काफ) की चोट के बाद से लिटन दास मैदान से बाहर हैं। इसी चोट के कारण वह उसके बाद हुई टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए। उन्होंने पूरी तरह फिट नहीं होने की वजह से लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) से भी अपना नाम वापस ले लिया था। हालांकि इसके बावजूद वह जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान टीम के साथ जुड़े थे, लेकिन तब भी वह पूरी तरह फिट नहीं हो सके थे और फिर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए थे।