Womens Asia Cup 2026: बांग्लादेश ने विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। इस टीम ने सोमवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंडोनेशिया को 71 रन से रौंदा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। टीम ने 16 के स्कोर तक जुवैरिया फिरदौस का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद शोभना मोस्तरी ने दिलारा अख्तर के साथ दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 40 रन जुटाए। दिलारा 31 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद शोभना ने कप्तान निगार सुल्ताना के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन, जबकि शोर्ना अख्तर के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने शोभना का विकेट गंवाया। शोभना ने 42 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 40 रन बनाए। अगली गेंद पर रितू मोनी (0) भी पवेलियन लौट गईं।