जिम्बाब्वे के युवा खिलाड़ी रयान बर्ल ने अपने देश के क्रिकेट की गरीबी का हाल फैंस के सामने प्रकट किया था। बर्ल ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की थी जिसमें उनके जूते काफी फटे नजर आ रहे थे। उनकी पोस्ट के वायरल होते ही 24 घंटे के अंदर उन्हे PUMA ब्रैंड ने स्पॉन्सर भी कर दिया लेकिन अब बर्ल बुरी तरह फंस चुके हैं।
बर्ल के सोशल मीडिया पर मदद मांगने से ज़िम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड काफी नाराज़ आ रहा है और अब बर्ल का करियर खतरे में पड़ सकता है। ऑलराउंडर बर्ल के इस ट्वीट की वजह से जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड इस ऑलराउंडर खिलाड़ी पर बड़ी कार्रवाई कर सकता है।
इस मामले में जिम्बाब्वे के एक पत्रकार एडम थियों ने जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे पता चला है कि ज़िम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड के कुछ लोग रयान बर्ल से काफी नाराज़ हैं और उनका मानना है कि रयान के सोशल मीडिया पर मदद मांगने वाले पोस्ट से उनके क्रिकेट बोर्ड की छवि खराब हुई है।'