पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम (Wasim Akram) ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) को लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने धोनी को भारतीय क्रिकेट के इतिहास का महानतम कप्तान बताया है। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी।
अकरम ने कहा कि, "वह जहां (धोनी) भी जाते हैं, चाहे वह दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, पंजाब, लखनऊ, हैदराबाद, अहमदाबाद हों, स्टेडियम गूंज उठता है। और यह होना ही चाहिए, क्यों नहीं? भारत में ऐसा क्रिकेटर, ऐसा कप्तान कभी नहीं हुआ। अगर धोनी को ऐसा स्वागत नहीं मिलेगा, तो किसे मिलेगा? सचिन को मिलता था, धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा- ये भारतीय क्रिकेट के चार बड़े नाम हैं। धोनी निश्चित रूप से उस तारीफ के योग्य हैं जो उन्हें मिलती है। एक क्रिकेटर के रूप में, उन्होंने वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी - सभी प्रमुख व्हाइट बॉल की ट्रॉफियां जीती हैं। मैदान के अंदर और बाहर, उन्होंने आगे बढ़कर लीड किया है। उन्होंने अपनी बैटिंग, कीपिंग और कप्तानी से मैच जिताए हैं।"