कुछ महीने पहले ये खबर आई थी कि किसी ने ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को एक बड़ी रकम का चूना लगा दिया- 2020-2021 के दौरान 1.63 करोड़ रुपये का। वे तो पहले से एक्सीडेंट में मिली चोटों से जूझ रहे थे और उस पर ये नुक्सान। अब ये खबर आई है कि नई दिल्ली के चाणक्य थाने की पुलिस ने हरियाणा के एक ठग को गिरफ्तार किया, जिसका एक परिचय ये भी है कि वह हरियाणा के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुका है। उन क्रिकेटरों की लिस्ट में एक नाम और जुड़ गया जो बाद में क्रिमिनल बने- ठग भी बन चुके हैं। नाम- मृणांक सिंह। यूं तो कई मामलों में उनका नाम लिया जा रहा है पर सबसे ज्यादा चर्चा ऋषभ पंत को ठगने और जुलाई 2022 में दिल्ली के एक बड़े आलीशान होटल को 5.53 लाख का चूना लगाने की है।
खुद को एक आईपीएल क्रिकेटर बता कर (2014 से 2018 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले) वह एक हफ्ते के लिए दिल्ली के ताज पैलेस होटल में रुका था, जहां एक दिन, बिना चेक आउट गायब और तब तक का बिल था 5.53 लाख रुपये का। होटल स्टाफ को झांसा देते रहे कि चूंकि एक खिलाड़ी हैं- इसलिए उनके बिल का पेमेंट एक प्राइवेट कंपनी करेगी। होटल से उनके बैंक अकाउंट की जानकारी भी ले ली ताकि पेमेंट भेजी जा सके।
यूं तो कई क्रिकेटर का नाम क्रिमिनल रिकॉर्ड में है पर चूंकि यहां ठगी की बात कर रहे हैं तो एक और क्रिकेटर का ठगी का किस्सा देखते हैं। ये थे, नकली नहीं, वास्तव में हैदराबाद के क्रिकेटर और बात तब सामने आई जब वे धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार हुए दिसंबर 2017 में।