Bangladesh vs Pakistan 2nd ODI Highlights: बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रन से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान ने 274 रन बनाए, जिसमें 20 साल के माज सदाकत ने शानदार 75 रन की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाज़ी में भी उन्होंने 3 विकेट झटककर मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया। 

Advertisement

शुक्रवार (13 मार्च) को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे में बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।

Advertisement

पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 79 गेंदों में 103 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। फरहान ने 46 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि 20 साल के माज सदाकत ने 46 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें  6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके बाद मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 115 गेंदों में 109 रन की अहम साझेदारी की। रिजवान ने 59 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि सलमान अली आगा ने 62 गेंदों में 65 रन की उपयोगी पारी खेली।

हालांकि निचले क्रम के बल्लेबाज़ ज्यादा देर नहीं टिक पाए। हुसैन तलत (9), अब्दुल समद (11) और फहीम अशरफ (14) जल्दी आउट हो गए। इसके चलते पाकिस्तान की पूरी टीम 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

बांग्लादेश की ओर से गेंदबाज़ी में रिशद हुसैन सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके। कप्तान मेहदी हसन मिराज को 2 विकेट मिले, जबकि तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा को 1-1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 15 रन पर ही अपने 3 विकेट गंवा दिए। बारिश के कारण यह पारी प्रभावित हुई और डीएलएस नियम के तहत बांग्लादेश को 32 ओवर में 243 रन का लक्ष्य मिला।

Advertisement

टॉप ऑर्डर में सैफ हसन (12), तंजीद हसन (1) और नाजमुल हुसैन शान्तो बिना खाता खोले पहले ही पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद लिटन दास ने 33 गेंदों में 41 रन और तौहीद ह्रदोय ने 38 गेंदों में 28 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही एक बार फिर पारी बिखर गई। अफिफ हुसैन (14) और कप्तान मेहदी हसन मिराज (1) भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और पूरी टीम 23.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान की ओर से गेंदबाज़ी में हारिस रऊफ ने 4.3 ओवर में 26 रन देकर और माज सदाकत ने 5 ओवर में 23 रन देकर 3-3 विकेट झटके। कप्तान शाहीन अफरीदी को 2 विकेट मिले, जबकि फहीम अशरफ और मोहम्मद वसीम जूनियर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह पाकिस्तान ने 128 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। अब सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार (15 मार्च) को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार