कानपुर, 23 सितम्बर | न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने ग्रीन पार्क क्रिकेट मैदान पर जारी तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को शुरुआती झटके से उबरते हुए शानदार वापसी की है। उसने अपनी पहली पारी में भारत द्वारा बनाए गए 318 रनों के जवाब में चायकाल तक एक विकेट के नुकसान पर 152 रन बना लिए हैं। कप्तान केन विलियमसन 66 और टॉम लाथम 56 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मार्टिन गुप्टिल (21) कीवी टीम के इकलौते आउट होने वाले बल्लेबाज हैं। 

Advertisement

विलियमसन ने अपनी पारी में अभी तक 115 गेंदें खेली हैं और सात चौके लगाए हैं। लाथम ने 137 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए हैं।

अपना ऐतिहासिक 500वां टेस्ट मैच खेल रही मेजबान टीम पहले दिन (गुरुवार) के अपने स्कोर नौ विकेट पर 291 रनों से आगे खेलने उतरी। नाबाद बल्लेबाज रवींद्र जडेजा (नाबाद 42) और उमेश यादव (9) ने दूसरे दिन टीम के स्कोर में 27 रनों की बढ़ोतरी की। जडेजा ने दिन की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और तेजी से रन जोड़े। उन्होंने दूसरे दिन अपने स्कोर में 26 रनों का इजाफा किया। 

नाबाद रहने वाले जडेजा ने 44 गेंदें खेलीं और सात चौके एवं एक छक्का लगाया। न्यूजीलैंड के गेंदबाज नील वेगनर ने उमेश को विकेट के पीछे कैच करा भारतीय पारी को समेट दिया। जडेजा और उमेश ने 10वें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। 

अपनी पहली पारी खेलने उतरी कीवी टीम को गुप्टिल और लाथम ने अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। दोनों इसी ओर आगे बढ़ रहे थे कि 35 के कुल स्कोर पर उमेश ने गुप्टिल को पगबाधा आउट कर भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई। कप्तान ने लाथम का साथ दिया और भोजनकाल तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।

Advertisement

दूसरा सत्र इन दोनों बल्लेबाजों के नाम रहा। इन दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के हर दांव को नाकामयाब करते हुए चायकाल तक दूसरे विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी कर मेहमानों की स्थिति मजबूत कर दी है। 

भारत की तरफ से पहली पारी में सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 170 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके लगाए।

मुरली के अलावा चेतेश्वर पुजारा (62) भारत की तरफ से अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उन्होंने अपनी पारी में 109 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए थे।  न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाज ट्रेंट बाउल्ट और स्पिनर मिशेल सेंटनर ने तीन-तीन विकेट लिए। नील वेगनर ने दो और जबकि मार्क क्रेग व ईश सोढ़ी को 1-1 सफलता मिली। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार