IND vs AFG T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच इस महीने तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार (1 सितंबर) को टीम का ऐलान कर दिया है। तीनों मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे और अफगानिस्तान इस सीरीज का आधिकारिक मेजबान होगा।
भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथ में होगी, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है। सबसे खास बात स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की वापसी है, जो पिछली टी20 सीरीज से बाहर थे।
संजू सैमसन के साथ ईशान किशन को भी दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। वहीं, अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी टीम के प्रमुख बल्लेबाजी विकल्पों में शामिल हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर टी20 डेब्यू करने वाले प्रभसिमरन सिंह को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।
ऑलराउंडर की बात करें तो शिवम दुबे के अलावा नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी।
गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई स्पिन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को शामिल किया गया है। बुमराह और हर्षित राणा भी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन हैं।
हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव बाहर
इस टीम में हार्दिक पांड्या को जगह नहीं मिली है। उनकी फिटनेस को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, कुलदीप यादव भी एक बार फिर टी20 टीम से बाहर हैं।
भारत ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इसी दौरान संजू सैमसन को टीम से बाहर रखने को लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में उनकी वापसी हो गई है।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा*।