T20 World Cup 2026, New Zealand vs South Africa Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने तेज शुरुआत की लेकिन लगातार अंतराल में विकेट गिरने से बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। मार्को यानसेन की घातक गेंदबाज़ी ने 4 कीवी बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा। 176 रन के लक्ष्य के जवाब में साउथ अफ्रीका को एडेन मार्करम ने शानदार कप्तानी पारी से आसान जीत दिलाई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 24वां मुकाबला शनिवार (14 फरवरी) को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कप्तान एडेन मार्करम ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया।
न्यूजीलैंड ने तेज शुरुआत करते हुए पावरप्ले में 58 रन जोड़े, लेकिन टिम सेफर्ट (13), रचिन रविंद्र (13) और फिन एलन (31) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल ने पारी संभालते हुए 44 गेंदों में 74 रन जोड़े। चैपमैन ने 26 गेंदों में तेज 48 रन बनाए, जबकि मिचेल ने 24 गेंदों में 32 रन जोड़े। इसके अलावा अंतिम ओवरों में जेम्स नीशम ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन जोड़ेते हुए टीम को 175 रन तक पहुंचाया।
साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं कोर्बिन बॉश, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत शानदार रही। एडेन मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े। डी कॉक (20) के आउट होने के बाद रयान रिकेल्टन (21) और डेवाल्ड ब्रेविस (21) सस्ते में लौटे, लेकिन मार्करम एक छोर से डटे रहे।
मार्करम ने 44 गेंदों में नाबाद 86 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा डेविड मिलर ने 17 गेंदों में नाबाद 24 रन जोड़े और 17 गेंदें शेष रहेत हुए टीम को जीत तक ले गए।
न्यूजीलैंड के लिए इस पारी में लॉकी फर्ग्यूसन, जेम्स नीशम और रचिन रविंद्र ही 1-1 सफलता हासिल कर पाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम किया और इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ग्रुप-डी में टॉप पोज़िशन मजबूत कर ली, जबकि न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट में पहली हार झेलनी पड़ी।