बिग बैश लीग के 10वें सीज़न के क्वालिफायर मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स ने पर्थ स्कॉर्चर्स को 9 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में स्कॉर्चर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए, लेकिन इसके जवाब में सिक्सर्स ने ये लक्ष्य महज़ 17 ओवर में 1 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया।

Advertisement

हालांकि, इस मुकाबले में एक बार फिर वही किस्सा देखने को मिला जो कि वीरेंद्र सहवाग और श्रीलंका के सूरज रणदीव के बीच देखने को मिला था। इस मैच में सिडनी सिक्सर्स के लिए जेम्स विंस ने 53 गेंदों में नाबाद 98 रनों की आतिशी पारी खेली और विंस की पारी की बदौलत ही सिडनी सिक्सर्स ने लगातार दूसरी बार बिग बैश लीग के फाइनल में जगह बना ली है।

Advertisement

विंस को उनकी तेजतर्रार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। हालांकि, पारी खत्म होते-होते इंग्लैंड के इस बल्लेबाज को मलाल होगा क्योंकि वो आसानी से शतक पूरा कर सकते थे लेकिन एंड्रयू टाई ने वाइड गेंद फेंक कर उनका शतक पूरा करने का ख्वाब तोड़ दिया।

दरअसल, हुआ ये कि सिडनी सिक्सर्स को मैच जीतने के लिए सिर्फ 1 रन की दरकार थी और विंस अपने शतक से महज 2 रन दूर थे। इस पारी का 18वां ओवर एंड्रयू टाई करने आए और उन्होंने पहली ही गेंद बाउंसर फेंक दी जो कि जेम्स विंस से बहुत दूर थी। अंपायर ने उस गेंद को वाइड दे दिया। सिक्सर्स ने ये मैच जीत लिया लेकिन विंस के चेहरे पर शतक पूरा ना कर पाने की निराशा साफ दिखाई दी।

टाई की इस हरकत से स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी उनके खिलाफ हूटिंग करते नजर आए। हालांकि, वाइड गेंद डालने के बाद टाई ने विंस से माफी भी मांगी। आपको बता दें कि भारत के वीरेंद्र सहवाग भी कुछ इसी तरह अपना शतक पूरा करने से चूक गए थे जब श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के दौरान लंकाई स्पिनर सूरज रणदीव ने नो-बॉल फेंकी थी और सहवाग छक्का लगाने के बावजूद शतक पूरा नहीं कर पाए थे।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार