IPL 2026, Gujarat Titans vs Chennai Super Kings Highlights: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (21 मई) को खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए GT ने 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में CSK की टीम 140 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।
आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 125 रन की शानदार साझेदारी की।
शुभमन गिल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ साईं सुदर्शन ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 84 रन ठोके। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
इसके बाद जोस बटलर ने भी तेजी से रन बटोरे और साईं सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 82 रन की साझेदारी की। बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए, जिसकी बदौलत गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी में मुकेश चौधरी, अंशुल कंबोज और स्पेंसर जॉनसन को 1-1 सफलता मिली।
230 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं मैथ्यू शॉर्ट ने 24 रन बनाए, जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उर्विल पटेल भी खाता नहीं खोल सके और कार्तिक शर्मा 19 रन ही बना पाए।
हालांकि शिवम दुबे ने जरूर तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 47 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही चेन्नई की उम्मीदें भी टूट गईं। नतीजन पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई और गुजरात टाइटंस ने 89 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने 18 अंकों और +0.695 के नेट रन रेट के साथ टॉप-2 में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स इस हार के साथ प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो गई है।
Also Read: LIVE Cricket Score
गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में राशिद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके।