वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हिन्दी बोलते नजर आए। मजाकिया अंदाज में उन्होंने छक्कों की बरसात करने की बात कही, जिसे भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के मुकाबले से पहले चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान रोवमैन पॉवेल का सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने भारतीय प्रशंसकों को हैरान कर दिया। इस वीडियो में वेस्टइंडीज का ये विस्फोटक बल्लेबाज हिन्दी में बात करते हुए नजर आया। दरअसल, इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में कंटेंट क्रिएटर सौरव हलदार उनसे मज़ाकिया अंदाज़ में अनुरोध करते नजर आते हैं। वह कहते हैं कि जब आप 2016 वर्ल्ड कप में भारत आए थे, तब आपने हमें खूब रुलाया था, इसलिए इस बार थोड़ा रहम दिखाइए और कम छक्के मारिए। इस पर पॉवेल ने मुस्कराते हुए जवाब दिया, “मारेंगे… स्टेडियम के बाहर मारेंगे… हर गेंद मारेंगे… घुमा-घुमा के मारेंगे।”
उनकी यह मजेदार प्रतिक्रिया देखते ही देखते वायरल हो गई और प्रशंसकों ने इसे भारत के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले से पहले एक हल्की-फुल्की चेतावनी के तौर पर लेना शुरू कर दिया।
VIDEO:
मैदान पर भी पॉवेल ने हाल ही में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सोमवार (23 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने रिकॉर्ड 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उस मुकाबले में पॉवेल ने 35 गेंदों पर 59 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। उन्होंने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
अब वेस्टइंडीज का अगला अहम मुकाबला गुरुवार (26 फरवरी) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में होना है। सुपर-8 चरण में सभी टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहना चाहती हैं, ऐसे में हर जीत की अहमियत बढ़ गई है।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम की नजरें भी इस मुकाबले पर टिकी हैं। साउथ अफ्रीका अपना विजयी क्रम जारी रखती है और भारत अपने दोनों मैच जीत लेता है, तो अंक तालिका में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। नहीं तो नेट रन रेट के समीकरण भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।