आईपीएल 2023 के 63वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) के ताबड़तोड़ अर्धशतक की मदद से मुंबई इंडियंस को  5 रन से हार का स्वाद चखा दिया। मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस हार के बाद मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, "हम दूसरे हाफ में रास्ता भटक गए।"

Advertisement

रोहित ने मैच के बाद कहा कि, "हम मैच जीतने के लिए काफी अच्छा नहीं खेले। मैच में कुछ पल ऐसे थे जहां हम जीत सकते थे लेकिन जो दुर्भाग्य से हम नहीं जीत पाए। हमने वास्तव में अच्छी तरह से पिच का आकलन किया और यह बल्लेबाजी करने के लिए एक अच्छी पिच थी और वह स्कोर निश्चित रूप से पीछा करने योग्य था और हम पारी के दूसरे भाग में अपना रास्ता खो बैठे। हमने आखिरी ओवरों में काफी रन दिए लेकिन जिस तरह से हमने बल्ले से शुरुआत की, हम लक्ष्य का पीछा करने के लिए अच्छी स्थिति में थे, लेकिन जैसा कि मैंने कहा कि हम दूसरे हाफ में रास्ता भटक गए।"

Advertisement

स्टोइनिस की शानदार पारी को लेकर रोहित ने कहा, "वह (स्टोइनिस) वास्तव में अच्छा खेले, सीधे हिट करते रहे जो आपको इस तरह की पिच पर करने की जरूरत है। यह उनकी शानदार पारी थी। (पॉइंट्स और NRRके बारे में)सुनिश्चित नहीं है कि कैलकुलेशन कैसे काम करेगी, लेकिन हमें अपने आखिरी गेम (SRH के खिलाफ) में कुछ अच्छा क्रिकेट खेलने की जरूरत है।"

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 177 रन का स्कोर टांगा। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 89(47)* रन मार्कस स्टोइनिस के बल्ले से निकले। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 8 छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान क्रुणाल पांड्या ने 49(42) रन की पारी खेली।  अपनी इस पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। इसके बाद क्रुणाल मांसपेशियों में खिंचाव के चलते रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने स्टोइनिस के साथ 82*(59) रन की अहम साझेदारी निभाई। अंत में स्टोइनिस ने निकोलस पूरन (8*) के साथ तेजी से 60*(24) रन जोड़े। मुंबई की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ ने चटकाए। उन्होंने 4 ओवर के अपने कोटे में 30 रन खर्च करते हुए 2 विकेट लिए। वहीं एक विकेट स्पिनर पीयूष चावला के खाते में गया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम स्कोरबोर्ड पर 20 ओवर में 5 विकेट 172 रन ही टांग सकी। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 59(29) रन सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के बल्ले से निकले। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं रोहित शर्मा ने 37(25) रन का योगदान दिया। अपनी इस पारी में रोहित ने एक चौका और 3 छक्के लगाए। उनके अलावा टिम डेविड ने 32(19)* रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में डेविड ने एक चौका और 3 छक्के लगाए।  लखनऊ की तरफ से सबसे ज्यादा 2-2 विकेट रवि बिश्नोई और यश ठाकुर ने चटकाए। मोहसिन खान एक विकेट लेने में सफल रहे। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Nitesh Pratap
मैं पिछले 4 सालों से क्रिकेट में हिंदी कंटेंट राइटिंग कर रहा हूँ। मुझे क्रिकेट खेलना, देखना और उसके बारे में पढ़ना काफी पसंद है। मैं अपनी क्रिकेटिंग राइटिंग स्किल्स को बेहतर करने के लिए पिछले कुछ महीनों से cricketnmore के साथ जुड़ा हुआ है। यहाँ मुझे क्रिकेट की बारीकियों के बारे में काफी जानने और सीखने को मिल रहा है। Read More
ताजा क्रिकेट समाचार