महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) में मुंबई इंडियंस की स्टार ऑलराउंडर नेट साइवर-ब्रंट ने इतिहास रच दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने नाबाद शतक जड़ते हुए ये कारनामा किया। उनकी इस उपलब्धि ने महिला फ्रेंचाइजी क्रिकेट में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया है।
महिला प्रीमियर लीग 2026 में सोमवार (26 जनवरी) को एक ऐतिहासिक लम्हा देखने को मिला, जब इंग्लैंड की दिग्गज ऑलराउंडर नेट साइवर-ब्रंट ने अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया। कोटांबी के वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले में साइवर-ब्रंट ने 57 गेंदों में शतक पूरा कर WPL इतिहास की पहली शतकवीर बल्लेबाज़ बन गईं।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए नेट साइवर-ब्रंट ने नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 16 चौके और 1 छक्का जड़ा और पूरे मैच में आरसीबी के गेंदबाज़ों पर दबदबा बनाए रखा। इस धमाकेदार पारी ने मुंबई को पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
साइवर-ब्रंट ने हेले मैथ्यूज के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 गेंदों में 131 रन की बड़ी साझेदारी भी की। मैथ्यूज ने 39 गेंदों में 56 रन बनाए। इन दोनों की साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
नेट साइवर-ब्रंट के इस शतक से पहले WPL इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर 99 रन था। यह रिकॉर्ड सोफी डिवाइन के नाम था, जिन्होंने WPL 2023 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 36 गेंदों में 99 रन बनाए थे। वहीं, WPL 2025 में यूपी वॉरियर्स की जॉर्जिया वोल ने भी आरसीबी के खिलाफ 56 गेंदों में नाबाद 99 रन की पारी खेली थी।
WPL में अब तक के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर:
- नेट साइवर-ब्रंट (मुंबई इंडियंस) – 100* (57)
- सोफी डिवाइन (आरसीबी) – 99 (36)
- जॉर्जिया वोल (यूपी वॉरियर्स) – 99* (56)
- एलिसा हीली (यूपी वॉरियर्स) – 96* (47)
- बेथ मूनी (गुजरात जायंट्स) – 96* (59)
- स्मृति मंधाना (आरसीबी) – 96 (61)
Also Read: LIVE Cricket Score
WPL 2026 में नेट साइवर-ब्रंट का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। उन्होंने अब तक छह मैचों में 319 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रही हैं। इस सीजन उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं। वहीं, मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर 260 रनों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।