भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। रिपोर्ट्स में जहां श्रेयस अय्यर का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर की राय कुछ अलग है। मांजरेकर का मानना है कि टीम इंडिया को भविष्य को ध्यान में रखते हुए दो ऐसे खिलाड़ियों पर भरोसा करना चाहिए जो लंबे समय तक टीम का नेतृत्व कर सकें।
आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद अब भारतीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा चर्चा टी20 टीम की कप्तानी को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स में श्रेयस अय्यर को टी20 कप्तानी की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा ईशान किशन और तिलक वर्मा के नाम भी चर्चा में हैं। लेकिन पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कमेंटेटर संजय मांजरेकर की सोच इससे अलग है।
मांजरेकर का मानना है कि भारत को 2028 टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कप्तान चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनसे पूछा जाए तो उनकी पहली पसंद जसप्रीत बुमराह होंगे। उनके मुताबिक बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड को लेकर ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि टी20 क्रिकेट में वह अपने आपको बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।
मांजरेकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंटर पर बात करते हुए कहा कि टी20 फॉर्मेट में बुमराह कप्तानी के लिए एक शानदार विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई इंडियंस भी भविष्य में बुमराह को अपना कप्तान बनाने के बारे में सोच सकती है।
बुमराह के अलावा मांजरेकर ने शुभमन गिल का नाम भी कप्तानी के लिए आगे रखा। उनका मानना है कि अगला टी20 वर्ल्ड कप भारत में नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा। ऐसे में विदेशी परिस्थितियों में सफल होने वाले बल्लेबाजों की अहमियत और बढ़ जाती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
मांजरेकर ने कहा कि आईपीएल 2026 में शुभमन गिल ने जिस तरह बल्लेबाजी और कप्तानी की, उससे उन्होंने खुद को इस दौड़ में मजबूती से शामिल कर लिया है। गिल ने गुजरात टाइटंस को लगातार अच्छे प्रदर्शन दिलाए हैं और उनकी लीडरशिप क्षमता भी सभी ने देखी है।