आईपीएल 2023 के फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-2023 का खिताब अपने नाम कर लिया। अपने 10वें फाइनल में खेलते हुए चेन्नई की टीम ने पांचवीं बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती। हालांकि, आखिरी गेंद तक चली इस लड़ाई में अगर जडेजा ना होते तो शायद चेन्नई की टीम जीत ना पाती।

Advertisement

आखिरी ओवर में चेन्नई की टीम को जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी और पहली चार गेंदों में सिर्फ 3 रन आए थे और ऐसा लग रहा था कि बाज़ी चेन्नई के हाथों से निकल गई है लेकिन तभी जडेजा ने आखिरी दो गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर चेन्नई को करिश्माई जीत दिला दी। इस शानदार जीत के बाद जडेजा का जश्न देखने लायक था लेकिन अब इस जीत के कुछ दिन बाद जडेजा ने कुछ ऐसा किया है जिसके चलते एक बार फिर से उनकी तारीफ की जा रही है।

Advertisement

आईपीएल फाइनल में चेन्नई की जीत के बाद जडेजा ने अपने उस बल्ले को गिफ्ट कर दिया है जिससे उन्होंने विनिंग रन बनाए थे। उन्होंने ये बल्ला किसी और को नहीं बल्कि अपने ही साथी अजय मंडल को गिफ्ट किया है। चेन्नई की टीम ने अजय मंडल को 20 लाख के उनके बेस प्राइस में खरीदा था लेकिन अजय को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला मगर फाइनल के बाद जडेजा ने उन्हें बैट गिफ्ट करके उनका दिन बना दिया।

अजय मंडल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टोरी शेयर की है जिसमें उन्होंने ये बताया है कि जडेजा ने उन्हें अपना वो बल्ला गिफ्ट कर दिया है जिससे उन्होंने आखिरी दो गेंदों में 10 रन बनाए थे। अजय ने जडेजा के बल्ले की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि आप लोग फाइनल में सर जडेजा के 2 गेंदों में 10 रनों को नहीं भूले होंगे। इसके बाद उन्होंने आशीर्वाद के रूप में वो बल्ला मुझे दे दिया, ऐसे हैं सर जडेजा। चेन्नई फ्रेंचाइजी को भी धन्यवाद जिन्होंने जडेजा भाई के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का मौका दिया।'

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार