आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले में पाक कप्तान सलमान अली आगा ने साहसी फैसला लेते हुए खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और पहले ही ओवर में भारतीय स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा को आउट कर भारत को बड़ा झटका दे दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और सभी को चौंकाते हुए खुद पहला ओवर डालने उतरे।
गौरतलब है कि मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा ने कहा था कि वह भारत की सबसे मजबूत टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं और इसलिए अभिषेक शर्मा को मैदान में देखने की इच्छा जताई थी। उनका यह बयान मैदान पर आते ही रणनीति में बदलता नजर आया।
पहले ही ओवर में सलमान की सटीक गेंदबाजी के सामने अभिषेक शर्मा टिक नहीं सके और 4 गेंदें खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इस विकेट के साथ पाकिस्तान ने मुकाबले की शुरुआत में ही भारत को बड़ा झटका दे दिया।
VIDEO:
अभिषेक शर्मा इससे पहले पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए थे और अब वापसी के मैच में ही शून्य पर आउट होकर एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर बैठे। वह टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली दो पारियों में डक बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
मैच की बात करें तो भारत ने इस मुकाबले में दो बदलाव किए हैं। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को जगह मिली है।
टीमें इस मैच के लिए
भारत (प्लेइंग इलेवन): ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद नवाज़, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।