NZ-W vs SA-W 4th T20: अमेलिया केर (Amelia Kerr) की कैप्टेंसी वाली न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 22 मार्च को वेलिंगटन में खेले गए टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से हराकर जीत हासिल की। इस मुकाबले में दिग्गज ऑलराउंडर सोफी डिवाइन (Sophie Devine) न्यूजीलैंड की जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं, जिन्होंने अर्धशतक ठोका और एक विकेट भी लिया। गौरतलब है कि इसी के साथ मेजबान टीम ने टी20 सीरीज को 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि वेलिंगटन टी20 में साउथ अफ्रीका की कैप्टन लौरा वोलवार्ड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद उन्होंने एनेरी डर्कसन की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए। एनेरी डर्कसन ने 32 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 55 रनों की पारी खेली।
उनके अलावा सुने लुस ने 29 गेंदों पर 30 रन, नदीन डी क्लर्क ने 14 गेंदों पर 20 रन, क्लो ट्राईऑन ने 8 गेंदों पर 14 रन, कायला रेनेके ने 08 गेंदों पर 13 रन, लौरा वोलवार्ड ने 17 गेंदों पर 10 रन और तज़मिन ब्रित्स ने 13 गेंदों पर 08 रनों का योगदान किया। बात करें अगर साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों को जेस केर सबसे कामयाब खिलाड़ी रहीं जिन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनके अलावा अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने एक-एक विकेट झटका।
गौरतलब है कि यहां से अब न्यूजीलैंड को ये मुकाबला जीतने के लिए 160 रन बनाने थे जिसका पीछा जिसका पीछा करते हुए दिग्गज ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने कमाल की पारी खेली और नंबर-4 पर बैटिंग करके 34 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 64 रन बना डाले। उनके अलावा कैप्टन अमेलिया केर ने 29 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली, वहीं जॉर्जिया प्लिमर ने 22 गेंदों पर 29 रन बनाए।
इतना ही नहीं, न्यूजीलैंड की टीम के लिए ब्रुक हॉलिडे ने 12 गेंदों पर नाबाद 16 रन, मैडी ग्रीन ने 6 गेंदों पर नाबाद 9 रन और इसाबेला गेज़ ने भी 8 गेंदों पर 6 रनों की योगदान किया जिसके दम पर पूरी टीम ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 160 रन जोड़े और इस तरह ये मुकाबला जीता। बताते चलें कि साउथ अफ्रीका के लिए गेंदबाज़ी में क्लो ट्रॉईऑन ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं एनेरी डर्कसन और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने एक-एक विकेट चटकाया।
एक बार फिर बता दें कि न्यूजीलैंड की टीम ने वेलिंगटन में जीत के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका पर 3-1 की बढ़त बना ली है।