WI vs SA: एडेन मार्कराम (Aiden Markram) की कैप्टेंसी वाली साउथ अफ्रीका की टीम ने गुरुवार, 26 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड के सातवें मुकाबले में वेस्टइंडीज (WI vs SA) को 9 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका की इस जीत ने टीम इंडिया की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को ज़िंदा रखा हुआ है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था जहां साउथ अफ्रीका के कैप्टन एडेन मार्कराम ने ही टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। उनके फैसले को टीम के गेंदबाज़ों ने बिल्कुल ठीक भी साबित किया और वेस्टइंडीज के शुरुआती 7 विकेट सिर्फ 10.2 ओवर में 83 रनों के स्कोर पर गिरा दिए।
हालांकि इसके बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाला और 8वें विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की। एक तरफ से रोमारियो शेफर्ड ने 37 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के ठोककर नाबाद 52 रन बनाए, वहीं दूसरी तरफ जेसन होल्डर ने 31 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 49 रनों की पारी खेली। इन्हीं के दम पर वेस्टइंडीज ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 176 रन जोड़े।
बात करें अगर साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों की तो लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट झटके। मार्को यानसेन और केशव महाराज ने भी टीम के लिए गेंदबाज़ी की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
यहां से अब साउथ अफ्रीका के सामने जीत हासिल करने के लिए 177 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए कैप्टन एडेन मार्कराम ने 46 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 82 रन ठोक दिए। उनके अलावा क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 47 रन बनाए, वहीं रयान रिकेल्टन ने भी महज़ 28 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 45 रनों की तूफानी पारी खेल दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवर में 177 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 9 विकेट से शानदार जीत प्राप्त कर ली। बताते चलें कि वेस्टइंडीज के लिए कुल 6 खिलाड़ियों ने बॉलिंग की, लेकिन सिर्फ रॉस्टन चेज ही एक सफलता हासिल कर पाए। यहां देखें लाइव मैच का स्कोर कार्ड