ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका की टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम की सबसे अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ों में से एक शबनीम इस्माइल अब इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने जा रही हैं। 2023 में रिटायरमेंट लेने वाली इस स्टार गेंदबाज़ ने अब अपना फैसला बदल लिया है और अगले महीने होने वाले बड़े टूर्नामेंट में प्रोटियाज़ टीम का हिस्सा बन सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 37 साल की शबनीम इस्माइल ने क्रिकेट साउथ अफ्रीका के डायरेक्टर एनोक न्कवे और हेड कोच मांडला माशिम्बी से बातचीत के बाद वापसी के लिए हामी भरी है। टीम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि उनका नाम स्क्वॉड में शामिल होगा। फैंस के लिए ये किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है, क्योंकि शबनीम लंबे समय से दुनिया की सबसे खतरनाक महिला तेज़ गेंदबाज़ों में गिनी जाती हैं। शबनीम इस्माइल ने 2023 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका को पहली बार महिला टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके रिटायर होने के बाद टीम की तेज़ गेंदबाज़ी काफी कमजोर दिखाई दी और लगातार उनकी कमी महसूस की गई। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहने के बावजूद, शबनीम का प्रदर्शन फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में शानदार रहा। महिला क्रिकेट की सबसे तेज़ गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अभी उनके नाम ही दर्ज है। अगर शबनीम की वापसी होती है तो वो एक बार फिर मारिज़ान कैप के साथ नई गेंद संभालती नजर आ सकती हैं। इससे साउथ अफ्रीका की गेंदबाज़ी काफी मजबूत हो जाएगी। टीम इस बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी और शबनीम जैसी अनुभवी गेंदबाज़ का साथ उन्हें बड़ा फायदा दे सकता है।
Advertisement
Advertisement