Sri Lanka Fined: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (22 सितंबर) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया। इस मुकाबले में श्रीलंका को 89 रन से हार का सामना तो करना पड़ा ही, लेकिन साथ ही मैच के दौरान टीम से ऐसी गलती हुई, जिस पर अब आईसीसी ने एक्शन लिया है।
दरअसल, श्रीलंका की टीम इस मुकाबले में निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई थी। सभी अनुमत समय की कटौती को ध्यान में रखने के बाद भी टीम तय ओवर रेट से तीन ओवर पीछे थी। इसी वजह से श्रीलंका पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
मैच रेफरी और आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी के सदस्य जेफ क्रो ने श्रीलंका की टीम को इस नियम के उल्लंघन का दोषी पाया। कप्तान कुसल मेंडिस ने भी अपनी टीम की गलती स्वीकार कर ली और प्रस्तावित सजा को बिना किसी विरोध के मान लिया। ऐसे में मामले की सुनवाई के लिए किसी औपचारिक अनुशासनात्मक बैठक की जरूरत नहीं पड़ी।
यह जुर्माना आईसीसी की आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत लगाया गया है। इस नियम के मुताबिक निर्धारित समय में पारी के ओवर पूरे नहीं करने पर हर एक ओवर की कमी के लिए खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
श्रीलंका की टीम तीन ओवर पीछे रही थी, इसलिए खिलाड़ियों पर कुल 15 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा। यानी तीन ओवर की कमी के लिए 5-5 प्रतिशत के हिसाब से यह कार्रवाई की गई।
वहीं, मुकाबले की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 265 रन बनाए थे। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने 69 गेंदों में 67 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा विल जैक्स ने 47 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए, जबकि जो रूट ने 52 गेंदों में 44 रन का योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में श्रीलंका की टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। दुनिथ वेलालागे ने 36 गेंदों में 45 रन और कप्तान कुसल मेंडिस ने 60 गेंदों में 42 रन जोड़कर कुछ संघर्ष जरुर दिखाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके। नतीजा यह रहा कि श्रीलंका की पूरी टीम 37 ओवर में 176 रन पर ऑलआउट हो गई और इंग्लैंड ने मुकाबला 89 रन से अपने नामकर सीरीज में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।