U19 Asia Cup 2026: भारतीय टीम ने शान से एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया।

फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत शनिवार (14 नवंबर) को पाकिस्तान से होगी। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान से मिले 228 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर 36.5 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर शानदार रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मिलकर पहले विकेट के लिए महज 16.6 ओवर में 117 रन जोड़े। आर्यवीर अच्छी लय में दिखाई दिए और 57 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में आर्यवीर ने 4 चौके और चार छक्के लगाए।

इसके बाद वीके विनीत के रूप में लक्ष्य को एक और अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 89 गेंदों में 77 रन जोड़े। हालांकि, लक्ष्य अपने शतक से चूक गए और 90 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में भारतीय कप्तान ने 13 चौके और एक छक्का लगाया। विनीत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। वहीं, यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 227 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फरीदुल्लाह एहसास सिर्फ 13 रन नबाकर आउट हुए। वहीं, आबिदुल्लाह नादरजन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वो 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सुभान जखाइल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वो 31 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद नोमान सलारजई और शाह फैजल रहीमी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।

नोमान ने 2 चौके और दो छक्कों की मदद से 78 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि शाह फैजल 72 गेंदों में 51 रन बनाकर ईशान सूद का शिकार बने। अंत के ओवरों में कप्तान सोहेल खान ने महत्वपूर्ण नाबाद 36 रन बनाए, जिसके चलते अफगानिस्तान की टीम 200 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। भारत की तरफ से गेंदबाजी में ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आर्यन सावसानी ने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार