भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां भारतीय टीम की पहली पारी के दौरान कप्तान केएल राहुल महज़ 10 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। केएल राहुल का खराब फॉर्म खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है जिस वज़ह से अब एक बार फिर सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग हो रही है। भारतीय फैंस का मानना है कि केएल राहुल से बेहतर ऑप्शन टीम के पास अवेलेबल हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मौके नहीं मिल रहे।
एक यूजर ने राहुल के आउट होने के बाद उन्हें ट्रोल करते हुए लिखा, 'केएल राहुल को टीम में नहीं होना चाहिए। इन्हें कप्तानी कैसे मिल गई?', एक अन्य यूजर ने लिखा, 'क्या केएल राहुल मयंक अग्रवाल से भी बेहतर है? मुझे शक है, खासकर ऐसी कंडीशन में जहां मयंक डोमिनेट करता है।' एक अन्य यूजर ने तो केएल राहुल को इंडियन टीम का सबसे बड़ा फ्रॉड ही बता दिया।
बता दें कि रोहित शर्मा चोटिल होने की वज़ह से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है जिसके कारण केएल राहुल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। हालांकि इस बीच राहुल बल्ले के साथ पूरी तरह फ्लॉप नज़र आए हैं। सीरीज के दूसरे टेस्ट में वह 45 गेंद खेलने के बाद 10 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान राहुल के बैट से सिर्फ एक ही चौका निकला। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 227 रन बनाए हैं।
इतना ही नहीं केएल राहुल सीरीज के पहले मैच में भी बुरी तरह फ्लॉप दिखे थे। पहले मैच की पहली पारी में राहुल ने 22 रन स्कोर किए थे, वहीं दूसरी पारी में वह 23 रन बनाकर आउट हुए थे। दूसरी तरफ शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने शतकीय पारी खेली थी। पुजारा ने पहली इनिंग में भी 90 रन जोड़े थे। वहीं श्रेयस अय्यर (86) और अश्विन (58) के बैट से अर्धशतकीय पारी निकली थी। दूसरे मैच में केएल राहुल ने पिछले मैच के स्टार गेंदबाज़ कुलदीप यादव को भी ड्रॉप किया जिस वज़ह से भी उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।