भारत और इंग्लैंड की महिला अंडर-19 टीमों के बीच 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक पांच अनौपचारिक टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए ऑलराउंडर अक्साह परमार को भारतीय टीम में जगह मिली है। बेटी के भारतीय टीम में चयन से उनके माता-पिता बेहद खुश हैं। उन्होंने अक्साह के हॉकी से क्रिकेट तक के सफर और इस मुकाम तक पहुंचने के लिए की गई मेहनत को याद किया।
वडोदरा में सीरीज के पहले मुकाबले से पहले अक्साह के माता-पिता डॉ. झनखना परमार और सोरेंस परमार ने अपनी खुशी जाहिर की। मां झनखना ने कहा कि बेटी का भारत के लिए खेलना पूरे परिवार के साथ-साथ सूरत, गुजरात और सूरत डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के लिए भी गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि अक्साह ने अपने खेल करियर की शुरुआत हॉकी से की थी। वह सीनियर केजी से हॉकी खेल रही थीं और तीसरी कक्षा में राज्य स्तर पर भी पहुंच गई थीं। हालांकि, पिता के साथ क्रिकेट मैच देखने जाने के दौरान उनकी इस खेल में दिलचस्पी बढ़ी। उस समय मिताली राज समेत कई महिला क्रिकेटरों की चर्चा होती थी। अक्साह ने अपने पिता से पूछा कि क्या लड़कियां भी क्रिकेट खेल सकती हैं?