आईपीएल 2026 का आगाज होने में लगभग एक हफ्ते का समय बचा है और गुजरात टाइटंस की टीम अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाने में जुटी हुई है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर भी आने वाले सीजन में काफी निगाहें होने वाली हैं क्योंकि उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप की टीम से बाहर कर दिया गया था और उसके बाद से वो आईपीएल में ही नजर आने वाले हैं ऐसे में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि आईपीएल 2026 का सीज़न शुभमन गिल के लिए एक मंच साबित होगा।
भारतीय चयनकर्ताओं ने गिल की जगह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए संजू सैमसन और ईशान किशन को प्राथमिकता दी थी। अंत में चयनकर्ताओं का ये फैसला निर्णायक साबित हुआ और इन दोनों खिलाड़ियों के अहम योगदान की बदौलत भारत ने आखिरकार खिताब अपने नाम किया। पुजारा का मानना है कि आईपीएल गिल को भारतीय टी-20 टीम में वापसी करने का एक मंच देगा।
जियो स्टार पर बात करते हुए पुजारा ने कहा, "टी-20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर किए जाने की बात शुभमन गिल को निश्चित तौर पर और ज़्यादा प्रेरित करेगी। वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट के लिए उपयुक्त हैं। अगर उनका आईपीएल 2026 सीज़न अच्छा रहता है, तो वो निश्चित रूप से भारतीय टी-20I टीम में अपनी जगह बना लेंगे। वो टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं और वनडे टीम के भी कप्तान हैं। वो तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले खिलाड़ी हैं। अगर उनका सीज़न अच्छा रहता है, तो वो भारतीय टीम की योजनाओं में फिर से शामिल हो जाएंगे।"