अर्जुन तेंदुलकर ने आखिरकार इंडियन प्रीमियर लीग ( आईपीएल) में एक नई शुरुआत करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का दामन थाम लिया है। लंबे समय तक मुंबई इंडियंस की स्टार-स्टडेड टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करने वाले अर्जुन को एलएसजी ने अपने तेज़ गेंदबाज़ी विभाग को मज़बूत करने के उद्देश्य से 30 लाख रुपये में ट्रेड कर लिया है।
ये कदम उनके करियर के लिए एक ताज़ा मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि मुंबई में रहकर उनके लिए अवसर सीमित होते जा रहे थे। मुंबई इंडियंस ने एक भावुक संदेश जारी करते हुए अर्जुन को अलविदा कहा। एमआई ने लिखा, “अर्जुन, मुंबई इंडियंस परिवार का अहम हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद। हम आपको लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं। हमें गर्व है कि हम आपके विकास के मार्ग का हिस्सा बने।”
हालांकि, सोशल मीडिया पर कई फैंस का मानना था कि अर्जुन को मुंबई में अवसर उनके तेंदुलकर नाम की वजह से मिलते थे। क्रिकेट महानायक सचिन तेंदुलकर 2013 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले और उसके बाद क्लब आइकन के रूप में टीम से जुड़े रहे। यही कारण था कि अर्जुन की टीम में उपस्थिति पर अक्सर सवाल उठते रहे। ट्रेड की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर अर्जुन को ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।