ग्लेन मैक्सवेल (56) और कप्तान विराट कोहली (51) की जबरदस्त बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने यहां दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल के 39वें मैच में मुंबई इंडियंस को 166 रनों का लक्ष्य दिया है। इस दौरान आरसीबी फैंस का सबसे ज्यादा मनोरंजन मैक्सवेल ने किया।
मैक्सवेल ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाज़ों पर बिल्कुल भी तरस नहीं खाया और तेज़ गेंदबाज़ों से लेकर स्पिनर्स तक सभी के खिलाफ कलात्मक शॉट लगाए। बुमराह की गेंद पर आउट होने से पहले मैक्सवेल ने 37 गेंदों पर 56 रनों की आतिशी पारी खेली।
इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 3 लंबे छक्के भी देखने को मिले। मैक्सवेल ने अपनी बल्लेबाज़ी के दौरान सबसे ज्यादा रन स्विच हिट और रिवर्स हिट के ज़रिए बटोरे। उन्होंने मुंबई के पेसर्स से लेकर स्पिनर तक सभी के खिलाफ ये शॉट लगाए। मैक्सवेल का ये रूप देखकर मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा भी घबराए हुए नजर आए।