इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) अपना अगला मुकाबला पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ गुरुवार, 14 मई को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेलेगी। वहीं इसके बाद शुक्रवार, 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की टक्कर लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के साथ लखनऊ के ही इकाना स्टेडियम में होगी। गौरतलब है कि इन दोनों ही रोमांचक मुकाबलों से पहले हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि ये दोनों ही दिग्गज खिलाड़ी मौजूदा समय में चोटिल होने के कारण परेशान हैं। महेंद्र सिंह धोनी को काफ इंजरी (फिंडी की मांसपेशियों में खिंचाव) हुई है जिसके कारण वो IPL 2026 के सीजन में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। वहीं दूसरी तरफ हार्दिक पांड्या बैक स्पैज्म (कमर में दर्द) की समस्या से जूझ रहे हैं, जिस वज़ह से उन्होंने मुंबई इंडियंस के पिछले दो मुकाबले नहीं खेले।
MI फैंस ये जानकर थोड़े मायूस होंगे कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की टीम के साथ धर्मशाला नहीं गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वो फिलहाल मुंबई में ही है जहां उनकी फिटनेस का आकलन किया जा रहा है। हालांकि वो मैच से पहले धर्मशाला पहुंच सकते हैं, लेकिन इसकी संभावना कम है कि वो पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेलेंगे।