AFG vs IRE 4th ODI: अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (12 अगस्त) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (Ibrahim Zadran) ने शानदार शतक ठोका और वनडे क्रिकेट में अपने 2000 रन भी पूरे कर लिए।
जादरान ने इस मुकाबले में 118 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल के साथ दूसरे विकेट के लिए 231 रन की बेहतरीन साझेदारी भी की। सेदिकुल्लाह अटल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 120 गेंदों में 143 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की दमदार पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 343 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
45वीं पारी में पूरे किए 2000 वनडे रन
इब्राहिम जादरान अपनी इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे कर इस आंकड़े को छुने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज भी बन गए। जादरान को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ दो रन की जरूरत थी और उन्होंने महज तीन गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर ली। यह उनका वनडे करियर का 45वां मुकाबला और 45वीं पारी थी।