भारतीय क्रिकेट टीम आगामी ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए शनिवार, 15 फरवरी को दुबई पहुंच गई। भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई के लिए रवाना हुआ, जहां कई फैंस टीम को शुभकामनाएं देने के लिए पहुंचे। इसके बाद भारतीय टीम तीन घंटे की उड़ान के बाद दुबई पहुंची और उनके पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी जब दुबई एयरपोर्ट से बाहर निकलते हैं तो फैंस तालियां बजाकर और नारे लगाकर उनका भव्य स्वगात करते हैं। इस वीडियो को बीसीसीआई ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर किया है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
Touchdown Dubai! #TeamIndia have arrived for #ChampionsTrophy 2025 pic.twitter.com/obWYScvOmw
— BCCI (@BCCI) February 15, 2025
भारत अपने टूर्नामेंट के सभी मैच दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा। इसके पीछे की वजह ये है कि उनकी सरकार ने मेजबान देश पाकिस्तान की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 19 फरवरी से शुरू होने वाली है, जिसका उद्घाटन मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत को पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।