आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग सुर्खियों में हैं। उन्होंने टेलीविज़न कमेंटेटर्स और क्रिकेट विशेषज्ञों को फटकार लगाते हुए कहा है कि उन्हें खिलाड़ियों पर निजी हमले करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आलोचना क्रिकेट पर केंद्रित होनी चाहिए, न कि मैदान के बाहर के मामलों पर बोला जाना चाहिए।
पराग ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को कड़ी जांच का सामना करना पड़ता है। खासकर तब, जब चर्चा प्रदर्शन से हटकर निजी मामलों की ओर चली जाती है। 24 वर्षीय पराग, जो हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण ये मैच नहीं खेल पाए, ने कहा कि आम लोग अक्सर ये समझने में नाकाम रहते हैं कि हर मैच के पीछे कितनी मेहनत लगती है।
पराग ने कहा, "जहां तक IPL की बात है, इस साल मैदान के बाहर बहुत सी चीज़ें हो रही हैं। हम खिलाड़ी के तौर पर, जब भी मौका मिलता है, अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं। खराब प्रदर्शन के बाद ये कहना आसान होता है कि खिलाड़ियों को खेलना नहीं आता या उनमें सही मानसिकता की कमी है, लेकिन लोग हर मैच के पीछे की तीन से चार दिनों की तैयारी को नहीं देखते।"