T20 World Cup Final: पाकिस्तान के चयनकर्ता और पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने जसप्रीत बुमराह की तुलना पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक से की है। आकिब ने बुमराह की तारीफ करते हुए उन्हें तेज गेंदबाजों का उस्मान तारिक बताया है। उन्होंने कहा कि बुमराह के खिलाफ कोई भी बल्लेबाज अपनी लय नहीं पकड़ पाता है।
बुमराह का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लाजवाब रहा। उन्होंने 8 मुकाबलों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 14 विकेट अपने नाम किए। वह टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। आकिब जावेद ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा है कि वह ऐसे गेंदबाज हैं जो बल्लेबाजों को मैच में अपनी लय नहीं पकड़ने देते। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "बुमराह सबसे अलग गेंदबाज हैं। वह कोई आम गेंदबाज नहीं है।"
आकिब जावेद ने आगे कहा, "यहां तक कि उनका एक्शन भी अनोखा है। जब वह गेंदबाजी करने आते हैं, तो मैं हमेशा कहता हूं कि वह तेज गेंदबाजों के उस्मान तारिक की तरह हैं। वह इतनी तेजी से और इतने अनोखे अंदाज में गेंदबाजी करते हैं कि कोई भी बल्लेबाज उनके खिलाफ कभी भी अपनी लय नहीं पकड़ पाता। वह ऐसा होने ही नहीं देते हैं।"