Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन में मिली तीसरी हार के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने ड्रेसिंग रूम में टीम का मनोबल बढ़ाया।
मुंबई इंडियंस द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में हार्दिक ने कहा कि किसी भी मुकाबले में हम जीत दर्ज कर सकते हैं या फिर उस मैच में मिली हार से सीख सकते हैं। हारने जैसी कोई चीज नहीं होती है।
उन्होंने कहा, "महेला जयवर्धने ने जो कहा उसे देखते हुए मुझे लगता है कि हमारे पास दो विकल्प हैं। पहला यह है कि हम सभी अपने कमरों में चले जाएं और सोचने की कोशिश करें कि गलती कहां पर हुई। मुझे पता है कि यह मुश्किल है, हारना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन हमें अपनी गलतियों से सीख लेनी होगी। एक मुकाबले को जीतना होता है या फिर उससे सीखना होता है। हारना कभी विकल्प नहीं होता।"