गुजरात के आर्य देसाई ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में 81 गेंदों पर शानदार 193 रन बनाए। यह टूर्नामेंट गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त है। आर्य की इस पारी को टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर माना जा रहा है।
22 साल के इस खिलाड़ी के जबरदस्त प्रदर्शन ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कई स्थानीय हैंडल्स और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के आधिकारिक 'इंस्टाग्राम' हैंडल ने इसे टी20 मैच में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बताया है। जीसीए के सचिव अनिल पटेल ने आईएएनएस को इस बात की पुष्टि की है।
रणजी और दिलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चुके आर्य देसाई ने सूरत क्रिकेट टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया। उन्होंने अपनी तूफानी पारी के दौरान 21 चौके और 14 छक्के जड़े। यह लीग का छठा संस्करण है और इसमें हर जिले से सभी आयु वर्गों के राज्य के शीर्ष संभावित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।