Royal Challengers Bengaluru: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब जल्द शेष आईपीएल शेड्यूल जारी होगा।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने 'आईएएनएस' से कहा, "चुनाव का कार्यक्रम आज (रविवार) जारी कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे, जबकि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही चरण में चुनाव होंगे। हम इस घोषणा का इंतजार कर रहे थे। अब, हम आईपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकते हैं, क्योंकि लॉ एंड ऑर्डर और पुलिस फोर्स के तैनाती के नजरिए से हमने उसे रोके रखा था। पहले हमने सिर्फ 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अब आगे के मुकाबलों का कार्यक्रम भी जारी होगा।"
भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होंगे, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। इन सभी राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।