T20 World Cup: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को टीम में शामिल किया है। मुजारबानी का प्रदर्शन हाल ही खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा था। उन्होंने टूर्नामेंट में खेले 6 मुकाबलों में 13 विकेट निकाले थे।
मुजारबानी के पास टी20 का काफी अनुभव है। वह जिम्बाब्वे की ओर से अब तक कुल 89 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 106 विकेट लिए हैं। मुजारबानी का क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में गेंदबाजी इकोनॉमी भी 7.24 का रहा है। फ्रेंचाइजी ने रिलीज में कहा, "6 फीट 8 इंच लंबे ब्लेसिंग मुजारबानी ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह अपनी तेज उछाल और पारी के अहम मौकों पर विकेट लेने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं।"
ब्लेसिंग मुजारबानी 17 मार्च को कोलकाता पहुंचकर टीम से जुड़ेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज के आने से टीम का गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत दिखाई दे रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह जिम्बाब्वे की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। मुजारबानी ने जिम्बाब्वे को ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत में अहम भूमिका निभाई थी।