Royal Challengers Bengaluru: ट्रिस्टन स्टब्स की तूफानी पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दर्ज की। 'प्लेयर ऑफ द मैच' स्टब्स ने बताया कि वह नहीं चाहते थे कि मैच अंतिम ओवर तक पहुंचे। हालांकि, उन्होंने शुक्र जताया है कि डीसी ने मुकाबला अपने नाम किया।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस पारी में फिलिप साल्ट ने 38 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम के लिए केएल राहुल ने 34 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 57 रन बनाए, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 47 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 60 रन की नाबाद पारी खेली। अंतिम ओवर में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए डेविड मिलर ने 10 गेंदों में नाबाद 22 रन अपने खाते में जोड़े।