Gujarat Titans: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले चार सीजन से अपनी शानदार चमक बिखेरते आ रहे यशस्वी जायसवाल करीब 20 महीनों से भारत के लिए टी20 फॉर्मेट नहीं खेले हैं। इसी साल 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी इस 24 वर्षीय खिलाड़ी को नजरअंदाज किया गया, जबकि इस फॉर्मेट में आंकड़े उनकी शानदार फॉर्म की गवाही देते हैं।
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अंडर-19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की सीनियर टीम में जगह बनाई थी। इससे पहले जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की ओर से आईपीएल 2020/21 में 3 मुकाबले खेले, जिसके बाद आईपीएल 2021 में 10 मैच खेलते हुए 24.90 की औसत के साथ 249 रन बनाए। आईपीएल 2022 में 10 मुकाबलों में 25.80 की औसत से 258 रन बनाए।
आईपीएल 2023 जायसवाल के लिए बेहद खास रहा, उन्होंने 14 मुकाबलों में 48.07 की औसत के साथ 625 रन अपने खाते में जोड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले। इस शानदार प्रदर्शन का इनाम जायसवाल को मिला। जुलाई में टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू के बाद, उन्हें अगस्त 2023 में टी20 टीम के लिए भी चुना गया।