T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 212 रन लगाए। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में साहिबजादा फरहान और फखर जमान की सलामी जोड़ी ने शनिवार को इतिहास रच दिया। दोनों ने टी20 विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
फरहान और फखर ने मिलकर पहले विकेट के लिए 15.5 ओवर में 176 रन जोड़े। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए की गई अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को फरहान-फखर ने शानदार शुरुआत दी। फखर ने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 84 रनों की दमदार पारी खेली।
वहीं, फरहान ने इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक जमाते हुए 60 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में फरहान ने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। पाकिस्तान की सलामी जोड़ी के आगे श्रीलंका के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। हालांकि, इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद पाकिस्तान ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। शादाब खान महज 7 रन ही बना सके, तो मोहम्मद नवाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।