Ranji Trophy: बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पूर्व ओपनर वसीम जाफर को अपना आदर्श बताया। एक समय था, जब घरेलू क्रिकेट में वसीम जाफर की तुलना विश्व के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से होती थी। जाफर ने करीब 24 साल लंबे करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड्स बनाए, जिन्हें तोड़ना बेहद मुश्किल है।
सचिन तेंदुलकर ने फर्स्ट क्लास करियर में 310 मैच खेले, जिसमें 57.84 की औसत के साथ 25,396 रन बनाए। इस दौरान तेंदुलकर के बल्ले से 81 शतक और 116 अर्धशतक निकले। रणजी ट्रॉफी में तेंदुलकर ने 38 मैच खेलते हुए 4,281 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 18 शतक और 19 अर्धशतक हैं।
वहीं, जाफर ने अपने करियर में 260 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें 50.67 की औसत के साथ 19,410 रन बनाए। अपने करियर के केवल दूसरे ही प्रथम श्रेणी मैच में जाफर ने मुंबई के खिलाफ 314 रन की नाबाद पारी खेलकर सभी को चौंकाया था। इस खिलाड़ी के नाम रणजी ट्रॉफी में अनूठा रिकॉर्ड है। जाफर ने चार बार 300 या उससे अधिक रन की साझेदारी की है। रणजी क्रिकेट के 'बादशाह' वसीफ जाफर बतौर कप्तान मुंबई और विदर्भ को रणजी खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।